परमेश्वर के मेरे प्यारे बच्चों, मैं आपको हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता यीशु मसीह के शक्तिशाली नाम में नमस्कार करती हूँ। आज हम नीतिवचन 19:23 पर मनन करेंगे, “यहोवा का भय मानने से जीवन बढ़ता है; और उसका भय मानने वाला ठिकाना पा कर सुखी रहता है; उस पर विपत्ति नहीं पड़ने की।” मेरे मित्र, आपका क्या हाल है? क्या आप परमेश्वर का भय मानते हैं विशेषकर युवा लोग, क्या आप परमेश्वर से डरते हैं और प्रभु के मार्ग पर चलते हैं? भजन संहिता 112:1, 128:1, 115:13, इन सभी आयतों में कहा गया है, “जो लोग परमेश्वर का भय मानते हुए यहोवा के साथ चलते हैं, वे आशीष पाएंगे।”
बाइबल में हम दाऊद, अय्यूब, दानियेल और सभी धर्मपरायण लोगों के जीवन के बारे में पढ़ते हैं। उन सभी के मन में परमेश्वर का भय था। उनका जीवन बदल गया। उनका प्रभु के साथ घनिष्ठ संबंध था, और इसी कारण उन्हें भरपूर आशीषें प्राप्त हुईं। वे अनेक समस्याओं से बच गए, और भजन संहिता 103:11 कहता है, “जो परमेश्वर का भय मानते हैं, उन पर परमेश्वर की दया बड़ी होती है।” जब आप परमेश्वर का भय मानते हैं और प्रभु के साथ चलते हैं, प्रभु से बातें करते हैं, तो प्रभु आपकी हर ज़रूरत पूरी करने में सावधानी बरतेंगे, आप जो भी मांगेंगे, वह आपको मिलेगा। मेरे जीवन में भी, जब मैं छोटी थी, तब मैं प्रभु के साथ घनिष्ठ संबंध रखने का महत्व नहीं समझ पाती थी। प्रभु ने मुझे सिखाया कि परमेश्वर के भय के द्वारा मेरा जीवन पूरी तरह बदल गया। जब मैं 16 वर्ष की थी तब प्रभु ने मुझसे बात की और मुझे समझाया कि वह मेरे बहुत करीब हैं। मैंने उस से प्रेम करना शुरू किया और बाद में परमेश्वर का भय मानने वाला जीवन जीना शुरू किया, और इसी कारण आज मैं जो कुछ भी हूँ, परमेश्वर ने मुझे अनेक आशीषों से आशीषित है।
2 कुरिन्थियों 7:1 कहता है, "परमेश्वर का भय रखते हुए पवित्रता को सिद्ध करें, और 2 तीमुथियुस 1:7 कहता है, “क्योंकि परमेश्वर ने भय का आत्मा नहीं, बल्कि सामर्थ्य, प्रेम और संयम की आत्मा दीं है।” इसलिए मेरे प्रिय मित्र, भजन संहिता 145:19 पढ़िए, इसमें लिखा है, “वह अपने डरवैयों की इच्छा पूरी करता है, ओर उनकी दोहाई सुन कर उनका उद्धार करता है।” मेरे मित्र, प्रभु आपको कितना महान जीवन देना चाहता है! अपना संपूर्ण जीवन परमेश्वर को समर्पित कर दीजिए। उसे अपना उद्धारकर्ता स्वीकार कीजिए और प्रभु के भय में अपना दिन व्यतीत कीजिए, प्रभु आपको भरपूर आशीष देगा।
प्रार्थना:
हे प्रेममय पिता, मुझे आपके आदर और भय में चलना सिखाइए। मेरे हृदय में आपके प्रति सम्मान की भावना हो, जो मैं बोलूं और करूं। प्रतिदिन मुझे अपने साथ घनिष्ठ संबंध में बांधिए। जब मैं आपके मार्ग पर चलने का चुनाव करूं, तो मेरे जीवन को रूपांतरित कीजिए। आपकी दया मुझ पर बनी रहे और मेरे कदमों का मार्गदर्शन करे। कृपया उन सभी बाधाओं को दूर कीजिए जो मुझे आपसे दूर ले जाती हैं। हे प्रभु, मुझे आप पर भरोसा करने और पूरे मन से आपकी आज्ञा मानने में सहायता कीजिए। अपनी इच्छा के अनुसार मेरे हृदय की सभी इच्छाओं को पूरा कीजिए। यीशु के पवित्र नाम में, मैं प्रार्थना करती हूँ, आमीन।

परमेश्वर के राज्य के निर्माण में हाथ मिलाएँ
Donate Now


