मेरे मित्र, प्रभु हमारे जीवन में दिन और साल इसलिए नहीं जोड़ते कि हमारा दुख बढ़े, बल्कि इसलिए कि हम उस की भलाई का अनुभव कर सकें और दूसरों के लिए आशीष का कारण बन सकें। रोमियों 15:2 कहता है, "हम में से हर एक अपने पड़ोसी को उस की भलाई के लिये सुधारने के निमित प्रसन्न करे।" परमेश्वर ने हमें परिवारों, पड़ोस, कार्यस्थलों और समुदायों में इसलिए रखा है ताकि हम अपने आस-पास के लोगों को मज़बूत कर सकें। यीशु ने यूहन्ना 13:34 में कहा, "एक-दूसरे से प्रेम रखो; जैसा मैंने तुमसे प्रेम किया है, वैसा ही तुम भी एक-दूसरे से प्रेम रखो।" जब उस के शिष्य गलत रास्ते पर गए, तो उसने उन्हें सुधारा; उनके संघर्षों के समय उनकी देखभाल की, उनकी ज़रूरतों को पूरा किया और उन्हें आगे बढ़ने में मदद की। इसी तरह, हमें भी दूसरों के साथ प्रेम, धैर्य और समझदारी से पेश आना चाहिए। खुद से पूछें, "अगर मैं उनकी जगह होता, तो मैं कैसा व्यवहार पाना चाहता?" जब हम मसीह के प्रेम को दर्शाते हैं, तो हमारा जीवन दूसरों के लिए आशीष का माध्यम बन जाता है।
सच्चा प्रेम कड़वाहट के बजाय क्षमा को, और नाराजगी के बजाय मेल-मिलाप को चुनता है। मुझे एक व्यक्ति याद है जो पवित्र आत्मा से भरने की इच्छा लेकर एक प्रार्थना सभा में आया था। जब प्रचारक ने सभी को उन लोगों को क्षमा करने के लिए प्रोत्साहित किया जिन्होंने उसे ठेस पहुंचाई थी, तो वह अपनी बड़ी बहन के पास गया, जिसने उसकी ज़मीन और संपत्ति पर कब्ज़ा कर लिया था। कड़वाहट को मन में रखने के बजाय, उसने अपनी बहन से उन गुस्से भरे शब्दों के लिए माफ़ी मांगी जो उसने पहले कहे थे। उसका हृदय शांति से भर गया, और जब वह वापस प्रार्थना सभा में आया, तो उसने प्रभु की शक्तिशाली उपस्थिति का अनुभव किया। कुलुस्सियों 3:13 कहता है, "एक-दूसरे को क्षमा करो, जैसे प्रभु ने तुम्हें क्षमा किया है।" गलातियों 6:2 भी कहता है, "एक-दूसरे का बोझ उठाओ, और इस तरह मसीह की व्यवस्था को पूरा करो।" आइए, आर्थिक कठिनाइयों, बीमारी, अकेलेपन या अन्य संघर्षों का सामना कर रहे लोगों के प्रति करुणा दिखाएं और जहाँ तक संभव हो, उन्हें व्यावहारिक मदद दें। जब हम दूसरों का बोझ उठाते हैं, तो प्रभु हमें संभालेंगे और मजबूत बनाएंगे।
हमारे शब्द और प्रार्थनाएँ हमारे आस-पास के लोगों को भी मज़बूत बनाएँगी। 1 थिस्सलुनीकियों 5:11 में लिखा है, "एक-दूसरे का साहस बढ़ाओ और एक-दूसरे को मज़बूत करो।" परमेश्वर की ओर से सही समय पर मिला एक वचन किसी व्यक्ति में फिर से आशा जगा सकता है और उसके विश्वास को मज़बूत कर सकता है। जब मेरे बच्चे कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे, तो प्रभु अक्सर मुझे उनके साथ साझा करने के लिए कोई बाइबल वचन देते थे। कभी-कभी, वे भावुक होकर रो पड़ते थे और कहते थे, "मुझे ठीक इसी की ज़रूरत थी।" जब हम प्रभु के साथ घनिष्ठता से चलते हैं, तो वह हमें सही समय पर सही वचन बोलने में मदद करते हैं। प्रभु ने मेरे पिता, डी.जी.एस. दिनाकरन को भी खेदित लोगों के लिए करुणा से भरा हृदय दिया था। 2 अक्टूबर, 1994 को, उन्होंने मुझे अपनी यह प्रतिज्ञा याद दिलाई: "जब तुम लोगों के लिए रोते हो, तो मैं आकर तुम्हारे आँसू देखता हूँ। जब मैं लोगों के प्रति तुम्हारी करुणा से भरे आँसू देखता हूँ, तो मैं उनके आँसुओं को पोंछ देता हूँ।" परमेश्वर हममें भी यही करुणा विकसित करना चाहते हैं, ताकि हम न केवल दूसरों के दर्द को समझें, बल्कि प्रेमपूर्ण कार्यों और सच्ची प्रार्थना के ज़रिए उनकी मदद भी करें।
परमेश्वर हमारे जीवन में जिन लोगों को लाते हैं, वे उस के प्रेम को प्रकट करने का एक अवसर होते हैं। 'यीशु बुलाता है मिनिस्ट्री' के माध्यम से, हम संकट में पड़े लोगों तक पहुँचते हैं, उनके साथ प्रार्थना करते हैं और उन्हें यीशु की अनुग्रह का अनुभव करने में मदद करते हैं। आप 'यीशु बुलाता है प्रार्थना भवन' से जुड़कर और ज़रूरतमंदों के लिए प्रार्थना करने में हर हफ़्ते दो घंटे का समय देकर इसमें शामिल हो सकते हैं। आप घर बैठे कंप्यूटर या लैपटॉप के ज़रिए प्रार्थना कर सकते हैं, जिसके लिए आपको ज़रूरी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए, सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे के बीच 6380752266 या 9789063611 पर संपर्क करें। दिल्ली में 'राष्ट्रीय प्रार्थना भवन ' में स्वयंसेवक (वॉलंटियर) बनने के लिए, 88263 40077 या 88263 40033 पर संपर्क करें, या [email protected] पर ईमेल करें। जब आप स्वयं को परमेश्वर के लिए उपलब्ध कराते हैं, तो वह आपको करुणा से भर देते हैं, आपके शब्दों का मार्गदर्शन करते हैं और दूसरों की सेवा करने के लिए आपको मज़बूत बनाते हैं। आपका जीवन आपके आस-पास के लोगों के लिए उन्नति का कारण बने, आपका परिवार परमेश्वर की उपस्थिति में स्थापित हो, और आपका घर एक ज्योति बनकर पूरे देश के लिए चमके।
प्रार्थना:
स्वर्गीय पिता, मुझे दूसरों के लिए आशीष का स्रोत बनाने के लिए धन्यवाद। मेरे हृदय को अपने प्रेम और करुणा से भर दें, और मुझे सिखाएं कि मैं भी यीशु की तरह प्रेम कर सकूं। मुझे उन लोगों को क्षमा करने में सहायता करें जिन्होंने मुझे ठेस पहुंचाई है, और हर रिश्ते में शांति बनाए रखने की समझ दें। मुझे ऐसा हृदय दें जो दूसरों के दर्द को समझ सके और उनके बोझ को बांटने के लिए तत्पर रहे। मेरे मुख में ज्ञान, सांत्वना और प्रोत्साहन के शब्द दें, ताकि मैं थके-हारे लोगों को संबल दे सकूं। पवित्र आत्मा, मुझे मार्गदर्शन दें कि मैं हर व्यक्ति के साथ दया, धैर्य और समझदारी से व्यवहार कर सकूं। यीशु के बहुमूल्य नाम में, मैं प्रार्थना करता हूँ। आमीन।

परमेश्वर के राज्य के निर्माण में हाथ मिलाएँ
Donate Now


